Wednesday, 22 January 2020
ठानी थी दिल में अब न मिलेंगे किसी से हम
ठानी थी दिल में अब न मिलेंगे किसी से हम
पर क्या करें कि हो गये नाचार जी से हम
हँसते जो देखते हैं किसी को किसी से हम
मुँह देख-देख रोते हैं किस बेकसी से हम
उस कू में जा मरेंगे मदद ऐ हुजूमे-शौक़
आज और ज़ोर करते हैं बेताक़ती से हम
साहब ने इस ग़ुलाम को आज़ाद कर दिया
लो बन्दगी कि छूट गए बन्दगी से हम
बे-रोये मिस्ले-अब्र न निकला ग़ुबारे-दिल
कहते थे उनको बर्क़े-तबस्सुम हँसी से हम
मुँह देखने से पहले भी किस दिन वह साफ़ थे
बे-वजह क्यों ग़ुबार रखें आरसी से हम
है छेड़ इख़्तलात भी ग़ैरों के सामने
हँसने के बदले रोयें न क्यों गुदगुदी से हम
क्या दिल को ले गया कोई बेग़ाना-अश्ना
क्यों अपने जी को लगते हैं कुछ अजनबी से हम
इन नातवानियों पे भी थे ख़ारे-राहे-ग़ैर
क्योंकर निकाले जाते न उसकी गली से हम
Subscribe to:
Post Comments
(
Atom
)
No comments :
Post a Comment