Sunday, 23 February 2020
ख़ुदाया हुस्न वालों पर इनायत ये भी की होती
ख़ुदाया हुस्न वालों पर इनायत ये भी की होती
दहन शीरीं तो बक्शा था ज़बां शीरीं भी दी होती
बराबर के तमाशे में ग़ज़ब की दिल कशी होती
भड़कते हैं इधर शोले उधर भी कुछ लगी होती
तिरे ग़म में ख़ुशी से हम सुपुर्दे-ख़ाक जब होते
ख़ुशी को तो खुशी होनी ही थी ग़म को खुशी होती
खताएं ही मिरी मुझ को दरे-रहमत पे ले आईं
भटक जाता ख़ताओं से अगर कुछ भी कमी होती
कलेजे से लगा रक्खा है दुनिया भर का ग़म हम ने
यही है ज़िन्दगी या रब तो ये हम को न दी होती
सज़ा तो इश्क़ ने पाई महब्बत की अदालत में
तक़ाज़ा ये था पाए-हुस्न में बेड़ी पड़ी होती
मुककमल आदमीयत से अगर ये बहरा-वर होता
फरिश्तों से भी फिर हासिल बशर को बरतरी होती
'रतन' हुस्ने-ज़बां के साथ अगर हुस्ने-बयां होता
जहां में क़ाबिले-तक़लीद तेरी शायरी होती।
Subscribe to:
Post Comments
(
Atom
)
No comments :
Post a Comment